किराना व्यापारी के घर चोरी, सोने की दो मालाएं और तीन मोबाइल ले उड़े चोर

रायपुर। उरला थाना क्षेत्र के बेन्द्री रोड बिजली ऑफिस के पास किराना व्यापारी के घर में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर में घुसकर ड्रेसिंग का लॉकर तोड़कर सोने की दो मालाएं और कमरे में रखे तीन मोबाइल फोन चोरी कर ले गए।

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, घटना 28 अगस्त 2026 की रात करीब 1:30 बजे हुई। गमला गिरने की आवाज सुनकर मकान मालिक की नींद खुली। बाहर निकलकर देखने पर मेन गेट का ताला लगा हुआ था और गमला नीचे गिरा पड़ा था। इसके बाद उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा तो एक कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। कमरे में रखी लकड़ी की ड्रेसिंग का लॉकर टूटा हुआ मिला। ड्रेसिंग की जांच करने पर उसमें रखी सोने की दो मालाएं, जिनमें 11-11 पत्ती लगी हुई थी, गायब मिलीं। इसके अलावा दूसरे कमरे में टीवी टेबल के पास रखे तीन मोबाइल फोन भी नहीं मिले।

चोरी हुए सामान में एक MI कंपनी का मोबाइल, मोटोरोला और वीवो Y11 मोबाइल शामिल है। शिकायत के अनुसार सोने की दोनों मालाओं की कीमत करीब 80 हजार रुपये, जबकि MI मोबाइल की कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई गई है।

मकान मालिक का आरोप है कि किसी अज्ञात चोर ने घर का दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया और ड्रेसिंग का लॉकर तोड़कर सोने के आभूषण व मोबाइल चोरी कर फरार हो गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद उरला थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोर की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *