रायपुर/बीरगांव। बीरगांव के शांति नगर स्थित शीतला तालाब के पास राखी बांधने जा रही बहनों के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना को लेकर उरला पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, अर्श परगनिहा 28 अगस्त 2026 की शाम करीब 4:30 बजे अपनी बहनों धात्री और नंदनी के साथ राखी बांधने अपनी बुआ के घर उरला जा रहे थे। इसी दौरान बीरगांव शीतला तालाब के पास देव और उसके कुछ साथी बैठे हुए थे। आरोप है कि उन्होंने अर्श की बहनों को देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी।
अर्श ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के मुताबिक, इसके बाद आरोपियों ने हाथ-मुक्का और पत्थर से अर्श के साथ मारपीट की, जिससे उसके सिर में चोट आई। मारपीट होते देखकर अर्श के पिता सत्यनारायण परगनिहा बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्का व पत्थर से मारपीट की। इस घटना में सत्यनारायण के सिर, बाएं हाथ, आंख के पास और कंधे के पास चोट लगने की बात शिकायत में कही गई है।
मामले की शिकायत उरला पुलिस से की गई है। पुलिस द्वारा घटना की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।