रायपुर/बीरगांव। उरला थाना क्षेत्र में बाइक घर के अंदर करने की बात को लेकर विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। बीरगांव निवासी लेथ मशीन मैकेनिक दुर्गा प्रसाद साहू ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने तरुण और उसके साथियों पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और मारपीट करने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार, 28 अगस्त 2026 की रात करीब 9 बजे दुर्गा प्रसाद की मोटरसाइकिल घर के बाहर गली में खड़ी थी। उन्होंने तरुण से घर से बाइक की चाबी लाकर वाहन अंदर करने के लिए कहा। इसी बात को लेकर कथित तौर पर तरुण और उसके साथियों ने दुर्गा प्रसाद के साथ विवाद शुरू कर दिया और गाली-गलौज करने लगे।
दुर्गा प्रसाद का आरोप है कि गाली देने से मना करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में उनकी दोनों आंखों और चेहरे पर चोट आने की बात शिकायत में कही गई है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, उनकी पत्नी दुलारी बाई साहू और बेटी रमा साहू बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो उनके साथ भी कथित तौर पर मारपीट की गई। बेटी के हाथ और पीठ में चोट लगने तथा पत्नी के बाल खींचकर मारने से सिर में दर्द होने की बात शिकायत में दर्ज कराई गई है। दुर्गा प्रसाद साहू ने पूरे मामले की शिकायत उरला थाने में दर्ज कराई है। पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।