रायपुर। कुत्ते के शौच को लेकर विवाद उपजा जो मारपीट तक पहुंच गया। भवानी नगर कोटा निवासी बीए की छात्रा मनीषा दास ने सरस्वती नगर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए पड़ोस में रहने वाले जयपाल पटेल और उनके दो बेटों पर मारपीट एवं गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है।
शिकायत के मुताबिक, 27 अगस्त 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे मनीषा कॉलेज जाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान उसने देखा कि पड़ोसी के पालतू कुत्ते ने उसके घर के बाहर सीढ़ियों के पास गंदगी कर दी है। मनीषा ने जयपाल पटेल के बेटे जागेश्वर पटेल से कुत्ते द्वारा की गई गंदगी साफ करने या कुत्ते को बांधकर रखने के लिए कहा।
आरोप है कि इस बात को लेकर जागेश्वर पटेल गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर जयपाल पटेल अपने दोनों बेटों जागेश्वर पटेल और वंश पटेल के साथ वहां पहुंचे। मनीषा का आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड से उसके सिर पर हमला किया, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर गई और उसके सिर से खून निकलने लगा। शिकायत में जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
मनीषा की बहन चित्रा दास बीच-बचाव करने पहुंची तो उसके साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। इस दौरान चित्रा के बाएं हाथ की भुजा में चोट आई। घटना के बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर विवाद शांत कराया। परिजनों ने डायल 112 को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस पहुंची। घायल मनीषा को उपचार के लिए एम्स अस्पताल रायपुर ले जाया गया, जहां उसका इलाज कराया गया। मामले में शिकायत के आधार पर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।