भाई-बहन की हत्या की कोशिश, नशेड़ी को शराब पीने पैसे नहीं मिलने पर बौखलाया और फिर…

धमतरी। जालमपुर मिडिल स्कूल के पास शराब पीने के लिए पैसे देने से मना करने पर एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। बीच-बचाव करने पहुंची युवक की बहन पर भी आरोपी ने जानलेवा हमला कर दिया। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी कृष भारती (20) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त को अभिषेक बंजारे मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान जालमपुर मिडिल स्कूल के पास कृष भारती ने उसका रास्ता रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए धारदार चाकू से हमला कर दिया। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची अभिषेक की बहन शारदा टेकाम के साथ भी मारपीट की गई।

प्रार्थी की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार की और उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल 10.5 इंच लंबा स्टील का धारदार चाकू बरामद किया गया। हथियार मिलने के बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 भी जोड़ी गई।

पुलिस ने आरोपी कृष भारती को 30 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 12 सितंबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *