चूहा दिखने पर रेलवे स्टेशन का टी स्टॉल सील, Video

सूरत। रेलवे स्टेशन से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है. यह रेलवे प्रशासन की कार्यप्रणाली और खाने-पीने के स्टॉल्स की स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाती है. सूरत रेलवे स्टेशन के एक टी स्टॉल के कांच के बॉक्स में रखे पफ को चूहा खाते हुए नजर आया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ है.

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया. आनन फानन में रेलवे द्वारा वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए सूरत रेलवे स्टेशन पर स्थित टी स्टॉल्स में साफ-सफाई कराई गई. सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो सूरत रेलवे स्टेशन के मैसर्स दिनेश एसोसिएट्स टी स्टॉल का है.

वीडियो में दिख रहा है कि एक चूहा कांच के बॉक्स में रखे पफ को बड़े ही मज़े से खा रहा है. सोश्यल मीडिया पर वायरल हुआ यह वीडियो 29 अगस्त शनिवार करीब 3:15 से 3:45 बजे के बीच का है. उस समय स्टेशन पर मौजूद एक यात्री की नजर कांच के डिस्प्ले बॉक्स पर पड़ी. यात्री ने फौरन अपने मोबाइल फोन से इसका वीडियो बनाया.

वीडियो वायरल होते ही लोगों ने रेलवे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाना शुरू कर दिया. लोगों ने इसे गंभीर लापरवाही बताया. लोगों ने सवाल किया कि खाने की गुणवत्ता और साफ सफाई की जिम्मेदारी किसकी है? वहीं, इस घटना ने रेलवे के हालिया स्वच्छता अभियानों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. कुछ ही दिन पहले पश्चिम रेलवे की ओर से सूरत और उधना रेलवे स्टेशनों पर संचालित फूड स्टॉल्स में विशेष ‘डीप क्लीनिंग’ और सैनिटाइजेशन अभियान चलाए जाने की बातें की जा रही थी. अब इस वीडियो के बाद स्वच्छता अभियान को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *