त्यौहारों में खलल डाला तो खैर नहीं, गुंडे और बदमाशो को पुलिस की कड़ी चेतावनी

रायगढ़। आगामी जन्माष्टमी एवं विभिन्न आयोजनों और मेलों को देखते हुए रायगढ़ पुलिस ने जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखते हुए उन्हें थानों में बुलाकर अपराध एवं विवाद से दूर रहने की सख्त हिदायत दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि त्योहार के माहौल में अशांति फैलाने, मारपीट, विवाद, शराबखोरी, उपद्रव या किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि करने वालों के साथ किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी। पुलिस की नजर ऐसे तत्वों पर लगातार बनी रहेगी और कानून तोड़ने वालों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इसी कड़ी में कल 30 अगस्त 2026 को एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में थाना खरसिया, छाल एवं भूपदेवपुर में क्षेत्र के गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को थाने बुलाकर सख्त समझाइश दी गई।

एसडीओपी सतीश भार्गव ने खरसिया थाना में स्वयं बदमाशों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपराध का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में रहें। आगामी त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अनैतिक, अवैधानिक अथवा उपद्रवकारी गतिविधि में शामिल न हों। किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने अथवा अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस द्वारा नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार आम नागरिकों के लिए खुशी और आस्था का अवसर हैं। किसी व्यक्ति को कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या आम जनता की शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

इसी क्रम में आज थाना चक्रधरनगर में क्षेत्र के गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को थाना परिसर में हाजिर कराया गया।

डीएसपी राहुल उईके ने बदमाशों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपराध एवं विवाद से दूर रहें और समाज की मुख्यधारा में रहकर शांतिपूर्वक जीवन-यापन करें। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में किसी भी बदमाश के खिलाफ शिकायत प्राप्त होती है या वह किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कठोर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा ऐसे व्यक्तियों की नियमित चेकिंग की जाएगी और उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी।

DSP राहुल उईके ने थाना प्रभारी चक्रधरनगर राकेश मिश्रा को निर्देशित किया कि क्षेत्र के गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की नियमित जांच की जाए, उनके वर्तमान गतिविधियों एवं आवागमन पर निगाह रखी जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

आगामी जन्माष्टमी, मेला एवं अन्य सार्वजनिक आयोजनों को लेकर रायगढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती, लगातार पेट्रोलिंग, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के साथ-साथ डायल-112 की टीमों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।

पुलिस अधिकारियों द्वारा थाना क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। भीड़ वाले स्थानों, प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जा रही है, ताकि आम नागरिक बिना किसी भय के त्योहार मना सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *