ग्रामीणों ने कसम खाई : न शराब बनाएंगे, न बेचेंगे और न ही पिएंगे

सरगुजा।जिले के लखनपुर विकासखंड के केवरी गांव में ग्राम सभा ने शराब के खिलाफ सख्त फैसला लेते हुए गांव को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया है।

ग्राम सभा में सर्वसम्मति से तय किया गया कि गांव में न तो शराब बनाई जाएगी, न बेची जाएगी और न ही उसका सेवन किया जाएगा। ग्राम सभा के निर्णय के अनुसार शराब बेचते पकड़े जाने पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं शराब पीने वाले व्यक्ति पर 1,500 रुपये और शराब के नशे में विवाद करने पर 3 हजार रुपये का दंड निर्धारित किया गया है। इसके अलावा दूसरे गांव से शराब पीकर केवरी आने वालों पर भी 3 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।

गांव में लिए गए इस फैसले को प्रभावी ढंग से लागू करने और नियमों की निगरानी के लिए ग्राम समिति और महिला समिति का गठन किया गया है। समितियां गांव में शराब की बिक्री और सेवन पर नजर रखेंगी तथा ग्राम सभा के निर्णय का पालन सुनिश्चित करने में सहयोग करेंगी।

ग्राम सभा के इस फैसले का उद्देश्य गांव में शराब के कारण होने वाले विवाद, घरेलू एवं सामाजिक समस्याओं पर अंकुश लगाते हुए नशामुक्त और शांतिपूर्ण माहौल तैयार करना है। केवरी गांव की इस पहल को ग्रामीणों की सामूहिक भागीदारी और सामाजिक सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *