रायगढ़। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर रायगढ़ पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। तेज गति और लापरवाही से स्कूल वाहन चलाने की शिकायतों के बाद चौकी खरसिया पुलिस ने स्कूल वाहनों की औचक जांच की।
इस दौरान वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच के साथ ही ब्रीथ एनालाइजर से शराब सेवन की भी जांच की गई।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा अभियान के तहत एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के मार्गदर्शन और चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।




पुलिस को सूचना मिल रही थी कि कुछ स्कूल वाहन चालक तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहे हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सड़क पर स्कूल वाहनों को रोककर उनकी जांच की। चालकों के लाइसेंस और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया तथा ब्रीथ एनालाइजर से शराब के सेवन की जांच की गई।
बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
जांच के दौरान पुलिस ने स्कूल वाहन चालकों को समझाइश देते हुए कहा कि बच्चों को लेकर वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें और यातायात नियमों की अनदेखी न करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि तेज गति, खतरनाक ड्राइविंग या नशे की हालत में वाहन चलाना बच्चों की जान को खतरे में डाल सकता है।रायगढ़ पुलिस के अनुसार स्कूल वाहनों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों और वाहन चालकों से भी अपील की है कि बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले वाहनों की नियमित जांच करें। वाहन चालक वैध दस्तावेजों के साथ वाहन चलाएं और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।