कवर्धा। जिले के तरेगांव थाना क्षेत्र स्थित पीएमश्री एकलव्य आवासीय विद्यालय के छात्रावास में जूनियर छात्र से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ सीनियर छात्रों ने एक जूनियर छात्र को कमरे में बंद कर उसके साथ मारपीट की। घटना के बाद छात्र के कान, आंख और पीठ पर चोट के निशान पाए जाने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, छात्रावास में रहने वाले कुछ सीनियर छात्रों ने कथित तौर पर जूनियर छात्र को कमरे में बंद कर उसकी पिटाई की। घटना के बाद छात्र के शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए। मामले की जानकारी मिलने पर परिजनों ने नाराजगी जताते हुए तरेगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पीएमश्री एकलव्य आवासीय विद्यालय में करीब 400 बच्चे अध्ययनरत हैं, जहां कक्षा 6वीं से 12वीं तक की पढ़ाई होती है। छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थी आदिवासी समुदाय से आते हैं, जिनमें बैगा जनजाति के बच्चे भी शामिल हैं।
घटना के बाद छात्रावास में बच्चों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि छात्रावास में बच्चों की पर्याप्त निगरानी नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। वहीं, मामले में छात्रावास प्रबंधन और अधीक्षक की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति और मारपीट में शामिल छात्रों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।