धमतरी के बोरई थाने में हुई सीमावर्ती राज्यों के पुलिस अधिकारियों की अहम बैठक

धमतरी। अंतर्राज्यीय सीमा क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों, एनडीपीएस मामलों और अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम को लेकर धमतरी जिले के थाना बोरई में सीमावर्ती राज्यों के पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक एसपी भावना पांडेय के निर्देश पर हुई।

बैठक में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, अपराधों की रोकथाम और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय को लेकर चर्चा की गई। अधिकारियों ने माओवादी गतिविधियों, संदिग्ध व्यक्तियों और अन्य आपराधिक घटनाओं से जुड़ी सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान पर विशेष जोर दिया।

बैठक में तय किया गया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी मिलने पर संबंधित पुलिस इकाइयों को तत्काल सूचना दी जाएगी और जरूरत पड़ने पर संयुक्त रूप से कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान एसडीओपी नगरी विपिन रंगारी, एसडीओपी एवं थाना प्रभारी बोरई निरीक्षक मधुनाथ ध्रुव, उमरकोट के सुरेंद्र कुमार सबर, नवरंगपुर नक्सल ऑप्स निरीक्षक बिपिन कुमार साहू, रायघर थाना प्रभारी निरीक्षक टेकचंद खटवा, कुंदई थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सबर सहित सीतानदी सीएएफ कैंप प्रभारी कंपनी कमांडर दिलीप कुमार मंडावी और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारियों ने सीमावर्ती इलाकों में सतत निगरानी, बेहतर समन्वय और मजबूत सूचना तंत्र के जरिए माओवादी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में काम करने पर सहमति जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *