रायपुर। रायपुर निगम की महापौर के खिलाफ अश्लील टिप्पणी करते हुए वीडियो बनाने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी विजय उर्फ सोनू महेश्वरी (24) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अनिल सोनकर ने 3 सितंबर 2026 को थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने रायपुर निगम की महापौर के विरुद्ध अश्लील गाली-गलौज करते हुए वीडियो बनाया था। जिसे मिरर छत्तीसगढ़ के एंकर सोमा देवांगन द्वारा बिना आपत्तिजनक शब्दों को हटाये प्रसारित कर समाज में अशांति फैलाने का प्रयास किया गया है।
इस वीडियो को सोशल मीडिया/मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रसारित किए जाने की शिकायत पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
प्रार्थी और गवाहों से पूछताछ तथा उपलब्ध जानकारी के आधार पर पुलिस ने वीडियो बनाने वाले आरोपी की पहचान विजय उर्फ सोनू महेश्वरी के रूप में की। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 475/2026 के तहत कार्रवाई की है।
गिरफ्तार आरोपी विजय उर्फ सोनू महेश्वरी, पिता नारायण महेश्वरी, उम्र 24 वर्ष, निवासी देवपुरी, आमातालाब, दुर्गा मंदिर के पास, थाना टिकरापारा, रायपुर।