दोपहर से शाम तक कमरे में थे दोनों, जिंदा बाहर आया पति, बिस्तर में मृत पड़ी थी पत्नी

धमतरी। जिले के ग्राम सुपेला में 23 वर्षीय नवविवाहिता वीणा उर्फ बबली ठाकुर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर भखारा पुलिस के साथ एफएसएल टीम और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट ने घटनास्थल पहुंचकर तहकीकात की। पति के बताए अनुसार फांसी लगाने के तरीके को लेकर जांच में सवाल उठने के बाद मायके पक्ष ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम देमार स्थित थाना पाटन निवासी स्व. प्रकाश ठाकुर की पुत्री वीणा का करीब दो साल पहले सुपेला निवासी विवेक ध्रुव से सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह हुआ था। रक्षाबंधन के अवसर पर मायके जाने के बाद ससुराल लौटी थी। शुक्रवार को जन्माष्टमी के दिन ससुराल के अन्य सदस्यों के साथ खेत से घर पहुंची। दोपहर करीब ढाई बजे वह पति के साथ कमरे में गई थी।

बताया गया कि शाम लगभग साढ़े पांच बजे पति ने कमरे का दरवाजा खोला तो वीणा बिस्तर पर पड़ी मिली। परिजनों ने तबीयत बिगड़ने की आशंका में चिकित्सक को बुलाया, लेकिन डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अगले दिन मृतका के बड़े पिता गिरवर ठाकुर सरपंच, कोटवार और ग्रामीणों के साथ भखारा थाने पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी।

मामले की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में स्थल की जांच कराई। पति ने वीणा द्वारा पंखे में साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या करने की बात बताई, लेकिन जांच के दौरान इस दावे को लेकर स्पष्ट पुष्टि नहीं होने की बात सामने आई। गले पर भी साड़ी के बजाय किसी पतली वस्तु या कपड़े से बने निशान मिलने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के निष्कर्ष से ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मायके पक्ष ने किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले गहन जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *