विदेश भागने की फिराक में धमतरी का सबसे बड़ा फ्रॉड

धमतरी/बालोद। शेयर मार्केट और ट्रेडिंग एप में रकम निवेश कर हर महीने 4 प्रतिशत ब्याज देने और पैसा दोगुना करने का झांसा देकर 25 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। बालोद जिले के गुरूर निवासी शिव कुमार साहू ने पुरूर थाने में शिकायत देकर धमतरी निवासी विक्रम सिंह शाह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के मुताबिक, शिव कुमार साहू कन्हारपुरी में श्री जनरल स्टोर नाम से दुकान संचालित करते हैं। वर्ष 2024 में उनके मकान में किराये से रहने वाले शिक्षक कैलाश सिन्हा ने उन्हें विक्रम सिंह शाह के बारे में बताया। आरोप है कि विक्रम शेयर मार्केट और ट्रेडिंग एप में लोगों का पैसा निवेश कर अच्छा मुनाफा दिलाने तथा रकम पर 4 प्रतिशत प्रतिमाह ब्याज देने की बात कहता था।

इसके बाद शिव कुमार साहू ने विक्रम सिंह शाह से उसके कलेक्ट्रेट रोड स्थित कार्यालय में मुलाकात की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि विक्रम के झांसे में आकर उन्होंने 9 फरवरी 2024 को 2 लाख रुपये नकद दिए। इसके बाद अच्छा ब्याज मिलने पर 18 अप्रैल 2024 को 10 लाख रुपये RTGS के जरिए विक्रम के खाते में जमा किए।

शिकायत में बताया गया है कि 10 लाख रुपये के बदले विक्रम सिंह शाह ने 50 रुपये के स्टांप पेपर पर इकरारनामा और नोटरी कराकर चेक भी दिया था। शुरुआत में करीब 6-7 महीने तक ब्याज की राशि मिलती रही। बाद में आरोपी ने खाता फ्रीज होने की बात कहते हुए रकम लौटाने से इनकार कर दिया। फरवरी 2025 के बाद ब्याज मिलना भी बंद हो गया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, इसके बाद उन्होंने अपनी पत्नी निर्मला साहू के नाम से 9.50 लाख रुपये और बेटे जितेंद्र साहू के नाम से 3.50 लाख रुपये भी निवेश किए। आरोप है कि इन रकम के बदले भी स्टांप पेपर पर इकरारनामा और चेक दिए गए तथा कुछ समय तक ब्याज देने के बाद भुगतान बंद कर दिया गया।

निवेशकों की बैठक बुलाकर दो माह में पैसा लौटाने का दावा

शिकायत के अनुसार, 5 मई 2026 को विक्रम सिंह शाह ने रूद्री रोड स्थित जिंजर रेस्टोरेंट में अपने निवेशकों की बैठक बुलाई थी। आरोप है कि बैठक में उसने परिवार में आर्थिक परेशानी होने की बात कहते हुए दो माह के भीतर सभी निवेशकों की रकम वापस करने का आश्वासन दिया। हालांकि, शिकायतकर्ता का कहना है कि दो माह बीत जाने के बाद भी रकम वापस नहीं की गई और अब आरोपी फोन भी नहीं उठा रहा है। शिव कुमार साहू ने दावा किया है कि उसके अलावा शिक्षक कैलाश सिन्हा, उसके बेटे जितेंद्र साहू, पत्नी निर्मला साहू, भोजराम साहू समेत 13-14 अन्य लोगों से भी लाखों-करोड़ों रुपये शेयर मार्केट में निवेश करने का झांसा देकर लिए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, विक्रम सिंह शाह विदेश भागने की फिराक में है। समय रहते पुलिस अगर विक्रम सिंह शाह को गिरफ्तार नहीं करती तो विक्रम सिंह शाह विदेश भागने में सफल हो जायेगा।

ऐसे झांसा दिया लोगों को, वीडियो में देखिए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *