छात्राओं के सामने अश्लील रील बनाकर इंस्टाग्राम पर डाली, पुलिस की सख्ती के बाद युवक ने मांगी माफी

रायगढ़। धरमजयगढ़ क्षेत्र में स्कूली छात्राओं के सामने अश्लील गाना गाकर वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का मामला सामने आया है। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवक को तलब किया और कड़ी समझाइश दी।

पुलिस के अनुसार, धरमजयगढ़ क्षेत्र में कुछ दिनों पहले स्कूल से घर जा रही छात्राओं के सामने एक युवक ने अश्लील गाना गाते हुए वीडियो बनाया था। बाद में उक्त वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया गया, जिसके सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की जानकारी पुलिस तक पहुंची।

मामले में धरमजयगढ़ पुलिस ने इंस्टाग्राम आईडी के आधार पर वीडियो बनाने वाले युवक जयदेव मंडल (25 वर्ष), पिता समरेत मंडल, निवासी धरमजयगढ़ कॉलोनी को बुलाया। पूछताछ के दौरान युवक ने अपने मोबाइल से वीडियो बनाना स्वीकार किया।

एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी ने युवक को सोशल मीडिया के जिम्मेदाराना इस्तेमाल की समझाइश देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं एवं छात्राओं को असहज करने वाले अशोभनीय कृत्य का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करना उचित नहीं है। पुलिस की समझाइश के बाद युवक ने अपने कृत्य पर माफी मांगी और भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा नहीं करने की बात कही।

एसडीओपी ने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक, जिम्मेदार और कानून के दायरे में रहकर किया जाना चाहिए। किसी व्यक्ति की गरिमा को ठेस पहुंचाने, अश्लीलता फैलाने या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सामग्री सोशल मीडिया पर पोस्ट करने से बचना चाहिए।

रायगढ़ पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल द्वारा विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर भड़काऊ, अशोभनीय अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियां सामने आने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *