हार्ट अटैक से IAS अफसर के PA की मौत

हैदराबाद। तेलंगाना विधानसभा परिसर में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ऊर्जा विभाग के विशेष मुख्य सचिव नवीन मित्तल के पर्सनल सेक्रेटरी (PS) राजू अचानक बेहोश होकर फर्श पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद पशुपालन मंत्री वाकिति श्रीहरि ने बिना देर किए उन्हें CPR देना शुरू किया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मंत्री वाकिति श्रीहरि घुटनों के बल बैठकर राजू के सीने पर लगातार दबाव डालते नजर आ रहे हैं। आसपास मौजूद लोग राजू का सिर और हाथ संभालते हुए मेडिकल टीम और एंबुलेंस बुलाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं।

कुछ देर बाद मेडिकल स्टाफ मौके पर पहुंचा और राजू को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक राजू को गंभीर कार्डियक अरेस्ट हुआ था, जिसके चलते उनके हृदय की धड़कन रुक गई।

राजू को बचाने के लिए मौके पर CPR और प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोग मंत्री वाकिति श्रीहरि की तत्परता की सराहना कर रहे हैं। आपात स्थिति में तुरंत CPR शुरू करने के उनके प्रयास को लोगों ने सराहनीय बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *