रायपुर। कुशालपुर स्थित न्यू नंदी ज्वेलर्स में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात में शामिल दो आरोपियों और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक समेत कुल तीन लोगों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के चांदी के जेवरात, चांदी के सिक्के, कटोरी, चम्मच और गिलास सहित करीब 4.50 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है। वारदात में इस्तेमाल मेस्ट्रो दोपहिया वाहन भी जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, न्यू नंदी ज्वेलर्स के संचालक अजय मंडल ने पुरानी बस्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 31 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे दुकान बंद कर ताला लगाया था। अगले दिन सुबह करीब 11 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का एक तरफ का ताला टूटा मिला और शटर जमीन से उठा हुआ था। अंदर जाकर सामान की जांच करने पर चांदी के जेवरात और अन्य चांदी की सामग्री गायब मिली। चोरी गए सामान की कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई थी।
CCTV फुटेज और पुराने अपराधियों से मिला सुर
पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और इलाके में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। चोरी की घटना के तरीके को देखते हुए पुलिस ने पुराने नकबजनी और चोरी के मामलों में शामिल आरोपियों तथा हाल ही में जेल से छूटे बदमाशों की गतिविधियों पर भी निगरानी शुरू की।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कबीर नगर निवासी संजय चौहान, जो पहले भी नकबजनी के मामलों में जेल जा चुका है, घटना की रात ज्वेलरी दुकान के आसपास संदिग्ध अवस्था में देखा गया था। पुलिस ने संजय को हिरासत में लेकर पूछताछ की। साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर ज्वेलरी दुकान में चोरी करना स्वीकार किया।
पूछताछ में सामने आया कि चोरी किए गए कुछ जेवरात आरोपी ने अपने साथी होरी लाल पंकज को खपाने के लिए दिए थे। इसके बाद पुलिस ने होरी लाल पंकज और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को भी पकड़ लिया।
शातिर आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार, आरोपी संजय चौहान पूर्व में भी चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट समेत आधा दर्जन से अधिक आपराधिक वारदातों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ रायपुर के डी.डी. नगर, कोतवाली, गुढ़ियारी सहित अन्य थाना क्षेत्रों में मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है। वहीं आरोपी होरी लाल पंकज के खिलाफ सरस्वती नगर थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज है, जिसमें वह फरार चल रहा था। पुलिस अब उस मामले में भी उसकी गिरफ्तारी की कार्रवाई करेगी।
पुलिस ने तीनों के कब्जे से चोरी के चांदी के विभिन्न जेवरात, सिक्के, कटोरी, चम्मच, गिलास और घटना में प्रयुक्त मेस्ट्रो वाहन समेत करीब 4.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।