Headlines

रायपुर में 62वें आत्म साक्षात्कार दिवस पर चार दिवसीय सेवा-सत्संग कार्यक्रम, 9 से 12 अक्टूबर तक होंगे आयोजन

रायपुर। संत आशाराम के 62वें आत्म साक्षात्कार दिवस महोत्सव के अवसर पर रायपुर में चार दिवसीय सेवा, साधना और सत्संग कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। संत आशाराम आश्रम, लवकुश वाटिका, वीआईपी रोड रायपुर के तत्वावधान में 9 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक विभिन्न धार्मिक एवं सेवा गतिविधियां आयोजित होंगी।

कार्यक्रम की शुरुआत 9 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे जय स्तंभ चौक पर भंडारा एवं प्रसादी वितरण से होगी। आयोजकों के अनुसार इस दौरान जरूरतमंदों, राहगीरों और श्रद्धालुओं को भोजन प्रसादी वितरित की जाएगी।

इसके बाद 10 अक्टूबर को सुबह 10 बजे आश्रम परिसर में सामूहिक श्राद्ध का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि सनातन परंपरा के अनुसार पितरों के कल्याण के लिए श्राद्ध का विशेष महत्व है।

11 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे सुभाष स्टेडियम से हरि नाम संकीर्तन यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा नगर भ्रमण करते हुए पुनः सुभाष स्टेडियम पहुंचेगी। आयोजकों के अनुसार यात्रा के माध्यम से नशामुक्ति, गौ-रक्षा और सनातन संस्कृति के प्रति जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।

महोत्सव का मुख्य आयोजन 12 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे संत आशाराम बापू आश्रम, लवकुश वाटिका, श्रीराम मंदिर मार्ग, रायपुर में होगा। कार्यक्रम में गुरु वंदना, प्रार्थना, श्री आशारामायण पाठ, श्री पादुका पूजन, मानस पूजन और सत्संग सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे। इसके बाद दीप प्रज्वलन, महाआरती, प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

आश्रम संचालक रामा भाई ने कहा कि यह आयोजन गुरु-शिष्य परंपरा और आध्यात्मिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि महोत्सव के तहत सेवा कार्यों और धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। आश्रम की ओर से धर्मप्रेमी जनता, श्रद्धालुओं और नगरवासियों से इन कार्यक्रमों में सपरिवार शामिल होने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *