रायपुर। अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर रायपुर नगर पालिक निगम के सभापति सूर्यकान्त राठौड़ ने अपने घर के भगवान गणपति की प्रतिमा का विधि-विधान और श्रद्धापूर्वक विसर्जन किया। उन्होंने नगर निगम की प्रशासनिक व्यवस्था के तहत महादेवघाट के समीप बनाए गए विसर्जन कुंड में गणपति प्रतिमा का विसर्जन किया।
इस अवसर पर सभापति सूर्यकान्त राठौड़ ने रायपुर नगरवासियों को अनंत चतुर्दशी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गणपति विसर्जन के दौरान श्रद्धा के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रखना जरूरी है।
उन्होंने सभी गणपति भक्तों से अपील की कि नगर निगम रायपुर की प्रशासनिक व्यवस्था के तहत महादेवघाट के समीप स्थित विसर्जन कुंड में ही गणपति प्रतिमाओं का श्रद्धापूर्वक विसर्जन करें। उन्होंने कहा कि निर्धारित विसर्जन कुंड का उपयोग करने से धार्मिक आस्था के साथ समाजहित और पर्यावरण संरक्षण में भी सहयोग मिलेगा।
सभापति ने नगरवासियों से अनंत चतुर्दशी के पर्व को शांतिपूर्ण, श्रद्धापूर्ण और पर्यावरण हितैषी तरीके से मनाने की अपील की।