Headlines

आर्मी मैन करन की शादी 24 नवंबर को होनी थी, जम्मू-कश्मीर में शहीद

अलीगढ़। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में तैनात सेना के जवान करन चौधरी का मंगलवार रात उनके पैतृक गांव सिरसा में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। जवान की मौत की परिस्थितियों को स्पष्ट करने और शहीद का दर्जा देने की मांग को लेकर परिजनों ने शुरुआत में पार्थिव शरीर लेने से इनकार कर दिया था। करीब दो घंटे तक सेना और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बातचीत के बाद लिखित आश्वासन मिलने पर परिवार अंतिम संस्कार के लिए राजी हुआ।

जानकारी के अनुसार, जवान करन चौधरी के सिर और माथे पर दो गोलियां लगने से उनकी मौत हुई थी। मंगलवार रात जब उनका पार्थिव शरीर अलीगढ़ के छर्रा क्षेत्र स्थित सिरसा गांव पहुंचा, तो परिजनों और ग्रामीणों ने घटना की परिस्थितियों की स्पष्ट जानकारी देने तथा जवान को शहीद का दर्जा देने की मांग उठाई।

मौके पर मौजूद जिला सैनिक अधिकारी कर्नल अजय सिंह राना ने परिजनों को बताया कि कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी की रिपोर्ट आने के बाद ही शहीद के दर्जे को लेकर फैसला लिया जाएगा। इस संबंध में लिखित आश्वासन मिलने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए। रात करीब 9 बजकर 20 मिनट पर सेना के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर करन चौधरी को अंतिम सलामी दी। इस दौरान करीब पांच हजार लोग मौजूद रहे। बेटे को मुखाग्नि देते समय पिता पप्पू सिंह के हाथ कांप उठे और माहौल गमगीन हो गया।

24 नवंबर को होनी थी शादी, घर में चल रही थीं तैयारियां

करन चौधरी वर्ष 2020 में सेना में भर्ती हुए थे। परिवार में उनकी शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। 24 नवंबर को उनकी शादी कल्पना से तय थी। शादी के कार्ड रिश्तेदारों में बांटे जा चुके थे। गहने और कपड़ों की खरीदारी से लेकर मैरिज होम और हलवाई की बुकिंग तक पूरी हो चुकी थी।

परिजनों के मुताबिक, 4 नवंबर को करन ने फोन पर परिवार से बात की थी। उन्होंने बताया था कि वे 16 नवंबर को श्रीनगर से दिल्ली पहुंचेंगे। दिल्ली में शादी का बाकी सामान खरीदने और खुद रिश्तेदारों को शादी के कार्ड बांटने की भी बात कही थी। परिवार को इंतजार था कि बेटा घर लौटेगा और शादी की खुशियां शुरू होंगी, लेकिन इससे पहले ही उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

जिस घर में कुछ दिन बाद शादी की शहनाइयां गूंजनी थीं, वहां अब मातम पसरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *