Headlines

बाजारों में बढ़ेगी भीड़ तो कैसे संभलेगा ट्रैफिक? त्योहारी सीजन के मद्देनजर धमतरी पुलिस ने व्यापारियों के साथ बैठक कर तय की रणनीति

धमतरी। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए धमतरी शहर में सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। एसपी भावना पांडेय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल और डीएसपी साइबर भानू प्रताप चंद्राकर ने व्यापारी संघ के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।

बैठक में बाजार क्षेत्रों में त्योहारी दिनों के दौरान बढ़ने वाले यातायात दबाव, पार्किंग व्यवस्था, भीड़भाड़ वाले स्थानों और आम नागरिकों व व्यापारियों की सुविधा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने शहर की यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए कई व्यावहारिक सुझाव पुलिस अधिकारियों के सामने रखे। पुलिस अधिकारियों ने सुझावों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की।

पुलिस और व्यापारियों के बीच त्योहारी सीजन में बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए आपसी समन्वय और सहयोग से काम करने पर सहमति बनी। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों से अपील की कि बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

बैठक के बाद एएसपी डी.सी. पटेल, डीएसपी साइबर भानू प्रताप चंद्राकर समेत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने मकई चौक से सदर बाजार होते हुए इतवारी बाजार तक पैदल पेट्रोलिंग की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख बाजार मार्गों, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात की स्थिति का जायजा लिया। जहां यातायात दबाव अधिक रहने की संभावना है, ऐसे स्थानों को चिन्हांकित कर आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

बाजारों में रहेगी विशेष निगरानी

पुलिस के मुताबिक त्योहारी अवधि में आम नागरिकों, व्यापारियों और बाहर से आने वाले लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। जरूरत के अनुसार बाजार क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती, पेट्रोलिंग और यातायात नियंत्रण को प्रभावी बनाया जाएगा। पुलिस ने व्यापारियों से यह भी अपील की है कि वे दुकानों के सामने अनावश्यक रूप से वाहन खड़े न होने दें और बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

बैठक में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राजेश जगत, उनि. के.आर. साहू, कैट जिलाध्यक्ष महेश जसूजा, घड़ी चौक व्यापारी संघ अध्यक्ष ज्ञानचंद लूनावत, सराफा एसोसिएशन अध्यक्ष ललित बरडिया, घड़ी चौक व्यापारी संघ सचिव राजू पंजवानी सहित चेतन हिंदुजा, कल्याण मुलवानी, देवा अन्दानी, संजय लुंकड़ समेत अन्य व्यापारी पदाधिकारी एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *