बालोद। जिले में पिछले 36 घंटे से हो रही लगातार बारिश के कारण रेल परिचालन प्रभावित हो गया है। दुर्ग-दल्लीराजहरा रेलखंड पर लाटाबोड़-गुंडरदेही के बीच इरागुड़ा के पास रेलवे ट्रैक धंसने और जलभराव की स्थिति सामने आई है। ट्रैक पर पानी भरने और धंसाव के चलते रेलवे प्रशासन को सुरक्षा की दृष्टि से ट्रेन रोकनी पड़ी।
जानकारी के मुताबिक, गुंडरदेही रेलवे स्टेशन पर दुर्ग-दल्लीराजहरा डीडीएम पैसेंजर ट्रेन को करीब तीन घंटे तक रोका गया। ट्रेन संख्या 78817 को सुबह करीब 3:35 बजे सुरक्षा कारणों से रोक दिया गया था। ट्रैक में खराबी की सूचना मिलते ही रेलवे की इंजीनियरिंग टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत का काम शुरू किया।
करीब 6:40 बजे कॉशन ऑर्डर जारी किए जाने के बाद ट्रेन को दल्लीराजहरा के लिए रवाना किया गया। हालांकि, प्रभावित ट्रैक से ट्रेन को बेहद धीमी गति और सावधानी के साथ गुजारा गया, ताकि किसी तरह की दुर्घटना की स्थिति न बने।
वरिष्ठ अधिकारियों ने किया ट्रैक का निरीक्षण
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंडल रेल प्रबंधक रायपुर दयानंद समेत रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और प्रभावित ट्रैक का निरीक्षण किया। इंजीनियरिंग विभाग की टीम ट्रैक को दुरुस्त करने में लगातार जुटी हुई है। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए रेलवे सुरक्षा बल की टीम को भी मौके पर तैनात किया गया है। फिलहाल रेलवे प्रशासन ट्रैक की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकतानुसार सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं।