उफनती महानदी के बीच धमतरी पुलिस का साहसिक रेस्क्यू, रात के अंधेरे में 9 जिंदगियां बचाई

धमतरी। लगातार बारिश के चलते महानदी के बढ़े जलस्तर के बीच धमतरी पुलिस ने साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर लोमस ऋषि आश्रम और गौशाला में फंसे 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू किए गए लोगों में तीन बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग साधु और एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति शामिल था। पुलिस जवानों ने रात के अंधेरे में करीब 3 किलोमीटर पैदल चलने के बाद लगभग 200 मीटर गहरे बाढ़ के पानी को तैरकर पार किया और फंसे लोगों तक पहुंचे।

पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर की रात करीब 10 बजे नवागांव के ग्रामीणों ने सूचना दी कि कुलेश्वर महादेव मंदिर के पास स्थित लोमस ऋषि आश्रम और गौशाला बाढ़ के पानी से घिर गया है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में करेलीबड़ी चौकी प्रभारी सउनि राधेश्याम बंजारे पुलिस टीम के साथ तत्काल रवाना हुए।

3 किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचे जवान

बाढ़ के कारण मगरलोड-राजिम मुख्य मार्ग से आश्रम तक पहुंचने का सीधा रास्ता पूरी तरह बाधित था। इसके बावजूद पुलिस टीम ने नवागांव की ओर से नदी किनारे करीब 3 किलोमीटर का कच्चा रास्ता पैदल तय किया। इसके बाद चौकी प्रभारी राधेश्याम बंजारे, आरक्षक अनिल कुमार साहू और स्थानीय ग्रामीण नंदेश ध्रुव ने करीब 200 मीटर बाढ़ के पानी को तैरकर पार किया। टीम ने दो बार आवागमन करते हुए आश्रम में फंसे लोगों तक पहुंच बनाई और उन्हें बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की।

रात 1 बजे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

लगातार बढ़ते जलस्तर और घने अंधेरे के बीच पुलिस जवानों ने बेहद सावधानी से रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 1 बजे तक सभी 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। सुरक्षित निकाले गए लोगों में दुर्गेशचंद्र प्रधान, उनकी पत्नी पूनम प्रधान और उनके तीन बच्चे उपासना, अघनी और अंश शामिल हैं। इसके अलावा नेहरू राम साहू, 81 वर्षीय साधु धारानंद महात्मा, 77 वर्षीय फकलूरम महानंद और करीब 55 वर्षीय एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया।

पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर चलाया अभियान

रेस्क्यू अभियान में चौकी प्रभारी राधेश्याम बंजारे, प्रधान आरक्षक लोकेश नेताम, प्रधान आरक्षक हरिश सोरी, आरक्षक अनिल कुमार साहू, विश्वजीत वर्मा और यशवंत लहरी के साथ ग्रामीण नंदेश साहू और सरपंच पति अवधराम साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बाढ़ की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पुलिस जवानों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से सभी 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। समय पर की गई इस कार्रवाई से बड़ी जनहानि टल गई। स्थानीय ग्रामीणों ने धमतरी पुलिस की तत्परता और साहस की सराहना करते हुए पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *