बालोद। शहर में भगवा वेश धारण कर घूम रहे उत्तर प्रदेश के तीन व्यक्तियों के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है। आरोप है कि तीनों लोगों को तंत्र-मंत्र और साधना का भय दिखाकर डराते थे तथा वसूली की कोशिश करते थे। गिरफ्तार आरोपितों में पिता-पुत्र भी शामिल हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तीनों व्यक्ति पिछले तीन दिनों से बालोद शहर और आसपास के गांवों में घूम रहे थे। इस दौरान लोगों के साथ दुर्व्यवहार करने और डराकर वसूली का प्रयास करने की शिकायतें मिली थीं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस ने दो व्यक्तियों को सदर रोड और एक को सिवनी क्षेत्र से पकड़ा। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के विद्यासागर और उनके 18 वर्षीय पुत्र कृष्ण सागर तथा देवरिया जिले के अतुल पाण्डेय के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।