रिलायंस ने स्टारलिंक को लेकर रखी अपनी बात, कहा- प्रतिस्पर्धा से कभी भय नहीं खाया

दिल्ली। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने सैटेलाइट संचार बाजार और भारतीय बाजार को लेकर हाल में की गई टिप्पणियों के बीच अपना पक्ष स्पष्ट किया है। कंपनी ने कहा है कि वह प्रतिस्पर्धा का हमेशा स्वागत करती है और स्टारलिंक सहित सभी कंपनियों को भारत के कानूनों एवं नीतियों का पालन करते हुए देश के लोगों को सेवाएं देनी चाहिए।

रिलायंस ने अपने बयान में कहा कि कंपनी ने ऐसे भारत में विकास किया है, जो निवेश और नवाचार को प्रोत्साहित करता है। इसमें स्वदेशी और अंतरराष्ट्रीय, दोनों तरह के ऐसे निवेश शामिल हैं, जो लोगों के जीवन को बेहतर बनाने में योगदान देते हैं। कंपनी के मुताबिक, इस खुलेपन की बुनियाद कानून का शासन है।

रिलायंस ने भारत सरकार के रुख का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय और विदेशी, सभी आवेदकों के लिए एक समान प्रक्रिया लागू होती है। कंपनी ने यह भी बताया कि जियो की अपनी सैटेलाइट सेवाएं भी मंजूरी का इंतजार कर रही हैं।

530 मिलियन से अधिक ग्राहकों का भरोसा

रिलायंस ने अपने बयान में जियो की यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2016 में जियो ने भारतीय दूरसंचार बाजार में एक नए खिलाड़ी के रूप में प्रवेश किया था। उस समय उसके पास एक भी ग्राहक नहीं था। कंपनी के अनुसार, महज दस वर्षों में जियो ने 530 मिलियन यानी 53 करोड़ से अधिक ग्राहकों का विश्वास हासिल किया है।

कंपनी ने दावा किया कि जियो ने भारतीय उपभोक्ताओं को विश्वस्तरीय डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और किफायती डेटा उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाई है।

सैटेलाइट संचार में प्रतिस्पर्धा का स्वागत

रिलायंस ने स्पष्ट किया कि उसे प्रतिस्पर्धा से डर नहीं है, बल्कि वह इसे ग्राहकों की बेहतर सेवा करने की कसौटी मानती है। कंपनी ने सैटेलाइट संचार क्षेत्र में स्टारलिंक सहित अन्य कंपनियों के आने का स्वागत किया।

बयान में कहा गया कि जियो समेत प्रत्येक कंपनी की जिम्मेदारी है कि वह भारत के लोगों को सेवाएं प्रदान करे और देश के कानूनों तथा नीतियों का पालन करे। रिलायंस का यह बयान सैटेलाइट संचार क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा, निवेश और नियामकीय प्रक्रियाओं को लेकर चल रही चर्चा के बीच आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *