बलौदाबाजार। जिले के पलारी क्षेत्र में सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा रायपुर-पलारी मार्ग पर घोटिया मोड़ के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। मृतकों की पहचान प्रेम धीवर (18), राज धीवर (18) और खिलेश्वर धीवर (18) के रूप में हुई है। तीनों आपस में मौसेरे भाई थे।
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात तीनों युवक बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान घोटिया मोड़ के पास उनकी बाइक खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्रेम धीवर की मौत हो गई। वहीं, राज धीवर और खिलेश्वर धीवर को गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया था। दोनों ने बुधवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
नवरात्रि के अवसर पर घर लौटते समय हुए इस हादसे से तीनों परिवारों में शोक का माहौल है।