तहसीलदार की जांच के बाद टीचर सस्पेंड, शराब के नशे में छात्रों से करता था अभद्र व्यवहार

बलौदाबाजार। स्वामी आत्मानंद पंडित चक्रपाणी शुक्ल उत्कृष्ट विद्यालय, बलौदाबाजार में पदस्थ व्याख्याता नरेश तिवारी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा गया है।

उन पर स्कूल में शराब का सेवन कर आने और छात्र-छात्राओं के साथ गाली-गलौज एवं अभद्र व्यवहार करने का आरोप है।जानकारी के अनुसार, स्कूल के छात्र-छात्राओं ने 16 और 17 सितंबर को व्याख्याता नरेश तिवारी के शराब के नशे में स्कूल आने और उनके साथ अभद्र व्यवहार करने की शिकायत प्राचार्य से की थी। शिकायत मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने छात्रों से इस मामले में बातचीत कर जानकारी ली।

इसके बाद 17 सितंबर को तहसीलदार बलौदाबाजार के माध्यम से व्याख्याता का मेडिकल परीक्षण कराया गया। प्रशासन के अनुसार, जांच में उनके स्कूल में शराब का सेवन कर आने की पुष्टि हुई।जिला प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इसे कर्तव्य के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता माना है।

मामले में जिला शिक्षा अधिकारी बलौदाबाजार-भाटापारा ने व्याख्याता नरेश तिवारी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के लिए डीपीआई रायपुर को प्रस्ताव भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *