पश्चिम बंगाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर में चुनावी रैली के दौरान तृणमूल कांग्रेस पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि टीएमसी सरकार में युवाओं की भर्ती, मिड-डे मील, मनरेगा, और साइक्लोन राहत में लूट हुई है. पीएम मोदी ने दावा किया कि इस बार बीजेपी की सरकार बनेगी और टीएमसी का एक भी विधायक नहीं चुना जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मंत्री चुनाव प्रचार के लिए पश्चिम बंगाल पहुंचे। उन्होंने मेदिनीपुर में विजय संकल्प रैली का आयोजन किया. इस दौरान पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी मूल नागरिकों का हक घुसपैठियों को दे रही है।
पीएम मोदी ने दावा किया कि इस बार पश्चिम बंगाल में हर हाल में बीजेपी की सरकार बनेगी. जनता टीएमसी को सजा देगी और इस बार टीएमसी का एक भी विधायक चुनकर नहीं आएगा. उन्होंने टीएमसी सरकार को ‘निर्मम’ करार दिया। लोकसभा में महिला आरक्षण बिल गिरने को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि TMC ने बंगाल की बहनों के साथ धोखा किया।
मोदी ने महिलाओं के लिए लोकसभा और विधानसभाओं में 33% आरक्षण सुनिश्चित करने का प्रयास किया, लेकिन TMC ने बंगाल की महिलाओं के इस हक को मार दिया। अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा, ‘TMC की निर्मम सरकार में युवाओं की भर्ती में लूट हुई. स्कूल के टीचरों में लूट हुई, बच्चों के मिड-डे मील में लूट हुई. मनरेगा के काम में लूट हुई, गरीबों के घर के पैसों की लूट हुई. गांव की सड़क में लूट हुई, साइक्लोन की राहत में मिले पैसों की लूट, सिर्फ लूट ही लूट हुई. 15 साल में उन्होंने लूट करने में पीएचडी कर ली है।
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि टीएमसी की सरकार, तोलाबाजी, कटमनी, सिंडिकेट, और अब बालू चोरी से लेकर सरकारी नौकरी चोरी तक का काम कर रही है. ये पीएम अन्न योजना के तहत गरीबों को मिलने वाले अनाज की भी चोरी करते हैं. ऐसी सरकार को घर बैठाने की जिम्मेदारी आपकी है।
पीएम मोदी ने आगे वादा किया कि बीजेपी सरकार मुद्रा योजना के तहत 20 लाख रुपए तक की मदद देगी ताकि बहनें स्वरोजगार कर सके. बीजेपी सरकार बहनों को पढ़ाई के लिए 50 हजार रुपए देगी. बीजेपी सरकार बंगाल की बहनों का पैसा बचाएगी. टीएमसी के लोग आपके हक का चावल चुराते हैं. बीजेपी आपको आपके हक का चावल देगी।