बेटे को थाने में देखकर खुद पर हुए जुल्म का दर्द भूल गई मां

MP NEWS : मां तो मां होती है…बेटा कितना भी नाराज हो जाए, कितना भी गलत कर दे, मां के दिल में उसके लिए ममता कम नहीं होती. जबलपुर में सामने आई एक घटना इस बात को फिर से सच करती नजर आई. आरोप है कि 75 साल की एक बुजुर्ग मां को उसके बेटे ने बीच सड़क पर पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की. मां बचने की कोशिश करती रहीं, लेकिन बेटा उन्हें जमीन पर घसीटता रहा.

घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और वीडियो सामने आने के बाद पुलिस तक पहुंचा. पुलिस भी बुजुर्ग मां की मदद के लिए पहुंची. बेटे के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी हुई. लेकिन तभी कहानी ने ऐसा मोड़ लिया कि पुलिस भी हैरान रह गई. जिस बेटे पर मां के साथ मारपीट करने का आरोप था, उसी बेटे के खिलाफ कार्रवाई से मां ने साफ इनकार कर दिया. मां ने पुलिस से कहा- बेटे से मेरा विवाद जरूर होता है, वह शराब भी पीता है, लेकिन वह मेरी देखभाल भी करता है. मैं अपने बेटे के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं चाहती.

घटना जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र के महर्षि वाल्मीकि वार्ड स्थित अशोक विहार कॉलोनी की है. सुबह करीब 9 बजे 75 वर्षीय मित्रा विश्वकर्मा अपने घर से निकलकर पड़ोस की ओर जा रही थीं. सीसीटीवी फुटेज में इसके करीब एक मिनट बाद बुजुर्ग महिला वापस अपने घर की तरफ भागती नजर आती हैं. उनके पीछे उनका बेटा भी तेजी से आता दिखाई देता है. आरोप है कि बेटे ने सड़क पर ही मां को पकड़ लिया. उसने बुजुर्ग महिला के बाल पकड़े और उन्हें जमीन पर घसीटते हुए मारपीट की. एक तरफ 75 साल की उम्र में खुद को बचाने की कोशिश करती मां थी, दूसरी तरफ उसका अपना बेटा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *