हवाई सेवा बस सेवा से ज्यादा लाचार, फ्लाइट कैंसिल कर बैठ चुके यात्रियों को उतारा गया

कोलकाता. हवाई यात्रा को तेज और सुविधाजनक सफर का माध्यम माना जाता है, लेकिन विमानन कंपनी की मनमानी के चलते यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. फ्लाइट कैंसिल कर यात्रियों को विमान से उतार दिया गया.

नेताजी सुभाष चंद्र बोस एयरपोर्ट पर एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट रद्द होने के बाद यात्रियों ने जमकर हंगामा किया. ये फ्लाइट (IX1254) कोलकाता से चेन्नई जाने वाली थी. प्लेन में बोर्डिंग पूरी होने के बाद ऐन वक्त पर फ्लाइट कैंसिल कर दी गई, जिसके बाद एयरपोर्ट में बवाल हो गया. एयरलाइन अधिकारियों के मुताबिक, विमान में अचानक कोई तकनीकी खराबी आ गई थी और सुरक्षा कारणों से उड़ान को रोकना पड़ा. हालांकि, यात्रियों का आरोप है कि उन्हें सही समय पर सही जानकारी नहीं दी गई, जिससे भ्रम और नाराजगी की स्थिति बनी.

यात्रियों ने बताया कि उन्हें बोर्डिंग पास जारी कर दिए गए थे और वो प्लेन में सवार भी हो चुके थे. काफी देर तक इंतजार कराने के बाद उन्हें बताया गया कि फ्लाइट रद्द कर दी गई है और सभी को नीचे उतार दिया गया.

फ्लाइट रद्द होने की खबर मिलते ही यात्री भड़क गए. उन्होंने एयरलाइन के ग्राउंड स्टाफ को घेर लिया और जमकर हंगामा किया. ये विरोध इसलिए हुआ क्योंकि अधिकारी ये साफ-साफ नहीं बता पा रहे थे कि यात्री अपनी मंजिल तक कब पहुंचेंगे.

एयरपोर्ट से सामने आए वीडियो में यात्री अधिकारियों से सवाल पूछते और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करते नजर आ रहे हैं. यात्रियों का कहना था कि कई लोगों की आगे की कनेक्टिंग फ्लाइट्स, ट्रेनें या जरूरी काम थे, जो इस देरी के कारण छूट गए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *