रायपुर। शहर के आउटर इलाके में महिला के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। सेजबहार हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी सकीना मार्कंडे ने मुजगहन थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि पैसे के लेन-देन को लेकर जोहेब खान और उसके भाई सोहेब खान ने उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और धमकी दी।
महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उसके पति के नाम की डिजायर कार की चाबी भी अपने पास रख ली है।शिकायत के मुताबिक सकीना ने घरेलू जरूरत के चलते जोहेब खान से रकम ली थी। उसके बाद उसने अलग-अलग किस्तों में फोन के माध्यम से और कुछ राशि नकद देकर करीब 2 लाख रुपये वापस किए। इसके बावजूद जोहेब खान ब्याज सहित रकम की मांग करते हुए उसे डराने-धमकाने लगा।महिला के अनुसार 11 अगस्त 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे जोहेब खान उसके घर पहुंचा और पैसे की मांग करते हुए बदसलूकी करने लगा। उसने कथित तौर पर पैसे वापस नहीं करने पर सकीना और उसके पति को घर से निकाल देने की धमकी दी। उस समय महिला का पति और उसका 10 वर्षीय बच्चा भी घर में मौजूद था।कुछ देर बाद जोहेब का छोटा भाई सोहेब खान भी वहां पहुंचा और कथित तौर पर पैसे वापस करने की मांग करते हुए धमकी देने लगा। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सोहेब ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्का व लात से सकीना के साथ मारपीट की। महिला ने शिकायत में बताया कि मारपीट के बाद उसके दोनों हाथ, पेट और सिर में दर्द हो रहा है।
शिकायत के अनुसार घटना के दौरान सकीना के पति चमन लाल मार्कंडे ने बीच-बचाव कर मारपीट रुकवाई। महिला का आरोप है कि उसके पति के नाम की डिजायर कार घर के सामने खड़ी थी, जिसकी चाबी जोहेब खान ने यह कहते हुए अपने पास रख ली कि पैसे वापस नहीं किए जा रहे हैं। चाबी मांगने के बावजूद उसे वापस नहीं किया गया।महिला ने मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।