धमतरी। कोसमर्रा में हुई चोरी का खुलासा भखारा पुलिस ने कर दिया है, इस मामले में रायपुर के सराफा कारोबारी सहित तीन आरोपियों की गिरफ्तारी दर्ज की गई है। सराफा कारोबारी पर आरोप है कि चोरी का सोना गलाकर बिस्किट बनाया।
दरअसल पुलिस ने सूने मकान में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात एवं वारदात में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं। इस चोरी केस में पीड़ित कृष्ण कुमार कोसरे गांव कोसमर्रा निवासी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि 13 मई 2026 को वह अपने परिवार सहित पारिवारिक कार्यक्रम में ग्राम अभनपुर गए हुए थे।
17 मई को वापस लौटने पर उनके मकान का मुख्य दरवाजा एवं आलमारी का लॉक टूटा हुआ मिला तथा घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी रकम चोरी होना पाया गया। चोरी गए मशरूका की कीमत 50,700/- रुपये थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी द्वारा तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए थे जिस पर भखारा पुलिस और सायबर टीम द्वारा तत्काल जांच शुरू कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
जाँच के दौरान प्राप्त सूचना के आधार पर संदेही घनश्याम यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी हेमन्त उर्फ सोनू मानिकपुरी के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि दोनों ने सूने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया तथा आलमारी का लॉक तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी रकम चोरी की थी। चोरी के बाद दोनों ने आपस में जेवरात का बंटवारा कर लिया तथा नगदी राशि खर्च कर दी।
आरोपी घनश्याम यादव के बताए जानकारी के आधार पर उसके कब्जे से चोरी गए जेवरात और वारदात में इस्तेमाल कुदारी बरामद की गई। इसके बाद पुलिस टीम द्वारा रायपुर पहुंचकर हेमन्त उर्फ सोनू मानिकपुरी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने भी अपराध स्वीकार करते हुए अपने हिस्से के चोरी के जेवरात बरामद कराए। जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि चोरी गए सोने के गुलबंद को बेचने के उद्देश्य से आरोपी हेमन्त ने अपने परिचित ओमप्रकाश सोनी को दिया था। पूछताछ में ओमप्रकाश सोनी ने उक्त सोने के गुलबंद को गलाकर सोने का बिस्किट बनाना स्वीकार किया, जिसे पुलिस द्वारा विधिवत बरामद कर जब्त किया गया।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी से संबंधित सोने-चांदी के आभूषण, जिनमें सोने की बाली, नथ, लॉकेट, टॉप्स, मंगलसूत्र, गुलबंद हार, चांदी की पायल, बिछिया, अंगूठी, माला एवं अन्य जेवरात शामिल हैं, बरामद किए गए। आरोपी हेमंत उर्फ सोनू मानिकपुरी द्वारा चोरी के गुलबंद हार को बेचने हेतु रायपुर निवासी ओमप्रकाश सोनी को दिया गया था, जिसे गलाकर तैयार किए गए 10 ग्राम वजनी सोने के बिस्किट के रूप में बरामद कर जब्त किया गया। तीनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 52/2026, धारा 331(4), 305 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपी
घनश्याम यादव, पिता मनोज यादव, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम कोसमर्रा, थाना भखारा, जिला धमतरी(छ.ग.)।
हेमन्त उर्फ सोनू मानिकपुरी, पिता शिवदास मानिकपुरी, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम कोसमर्रा, थाना भखारा, जिला धमतरी, हाल निवासी-मठपुरैना,रायपुर,जिला रायपुर (छ.ग.)।
ओमप्रकाश सोनी, पिता रतनलाल सोनी, उम्र 30 वर्ष, निवासी प्रोफेसर कॉलोनी, सेक्टर-02, रायपुर,जिला रायपुर (छ.ग.)।