Bhilai : वैशाली नगर में नशीली गोलियों का अवैध कारोबार, दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में वैशाली नगर थाना पुलिस ने दशहरा मैदान क्षेत्र में नशीली गोलियों की अवैध बिक्री के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अल्प्राजोलम 0.5 एमजी की कुल 89 गोलियां और 5,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दशहरा मैदान, वैशाली नगर क्षेत्र में दो व्यक्ति नशीली गोलियां रखकर अवैध रूप से बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। उनकी पहचान विनोद तिवारी (45 वर्ष), निवासी सावूदनगर, वैशाली नगर और अमित नाग उर्फ भांचा (28 वर्ष), निवासी पावर हाउस, भिलाई के रूप में हुई है।

आरोपियों से 89 गोलियां और नकदी बरामद

पुलिस की तलाशी कार्रवाई में विनोद तिवारी के कब्जे से अल्प्राजोलम 0.5 एमजी की 59 गोलियां और 3,000 रुपये नकद मिले। वहीं, अमित नाग उर्फ भांचा के पास से 30 गोलियां और 2,000 रुपये नकद बरामद किए गए। इस तरह दोनों आरोपियों से कुल 89 गोलियां और 5,000 रुपये नकद जब्त किए गए।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 387/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 22(ख) एवं 27(क) में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब नशीली गोलियों की आपूर्ति के स्रोत और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन मामलों से संबंधित अभिलेखों और वर्तमान स्थिति की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *