बीजापुर। रूद्रारम स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्राओं से छेड़छाड़ के मामले में फरार चल रहे आरोपी कंप्यूटर शिक्षक देवेंद्र दहिया को बीजापुर पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को झालावाड़ से ट्रांजिट रिमांड पर बीजापुर लाया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी शिक्षक पर पिछले करीब दो वर्षों से कंप्यूटर प्रैक्टिकल के बहाने छात्राओं के साथ कथित तौर पर अश्लील हरकतें और बैड टच करने के आरोप हैं। शिकायत के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपी छात्राओं को परीक्षा में फेल करने की धमकी देता था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। घटना के बाद से आरोपी फरार था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
पुलिस को आरोपी के राजस्थान में होने की जानकारी मिलने के बाद टीम ने झालावाड़ पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर बीजापुर लाया गया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। छात्राओं के बयान सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण की विवेचना की जा रही है।