रायपुर। अकलतरा के पूर्व विधायक और भाजपा नेता सौरभ सिंह ने आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद हुई इस मुलाकात की जानकारी सौरभ सिंह ने स्वयं साझा की।
सौरभ सिंह ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री साय से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान आगे की रणनीति और संगठनात्मक कार्यों को लेकर भी सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का स्नेह और मार्गदर्शन उन्हें आगे भी नई ऊर्जा और प्रेरणा देता रहेगा।
बसपा से शुरू हुआ राजनीतिक सफर
सौरभ सिंह ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत बहुजन समाज पार्टी से की थी। वर्ष 2008 में उन्होंने अकलतरा विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया। बाद में वे भाजपा में शामिल हुए और 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर अकलतरा से जीत दर्ज कर दूसरी बार विधायक बने। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
दो बार UPSC सिविल सेवा इंटरव्यू तक पहुंचे
सौरभ सिंह की प्रोफाइल में उनका शैक्षणिक पक्ष भी उल्लेखनीय रहा है। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, वे 1998 और 1999 में संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा के इंटरव्यू चरण तक पहुंचे थे। अब भाजपा संगठन ने उन्हें झारखंड में सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी है। इस नई भूमिका के तहत वे झारखंड भाजपा के संगठनात्मक कार्यों में पार्टी नेतृत्व के साथ काम करेंगे।
