जिस लड़के ने लड़की के साथ पकड़ा, उसे जान से मारने की कोशिश, 5 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम लावर में पुरानी रंजिश को लेकर 17 वर्षीय किशोर पर हमला करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया चूड़ा और डंडा भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 20 अक्टूबर की रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच ग्राम लावर-भोथीडीह के मिडिल स्कूल परिसर में रावण दहन के बाद हुई। बताया गया कि करीब दो महीने पहले किशोर भानू कैवर्त ने आरोपी अरुण खुटे उर्फ गुड्डू और उसके साथियों को एक लड़की के साथ पकड़ा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान अरुण खुटे उर्फ गुड्डू, संजीत कारके, संजू कारके, सिद्धार्थ उर्फ चिंटू कारके और संजू उर्फ शुभम यादव ने गाली-गलौज करते हुए किशोर पर जान से मारने की नीयत से हमला किया। हमले में किशोर के सिर पर चोट लगी, जबकि गले और हाथ में भी चोटें आईं।

पीड़ित की रिपोर्ट पर मस्तूरी पुलिस ने अपराध क्रमांक 773/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 191(1), 191(2), 109 और 324(4) के अंतर्गत मामला दर्ज किया। पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त चूड़ा और डंडा जब्त किया। इसके बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजने के लिए न्यायालय में पेश किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

  1. अरुण कुमार खुटे उर्फ गुड्डू सतनामी (21 वर्ष)
  2. संजीत कारके (27 वर्ष)
  3. संजू कारके (22 वर्ष)
  4. सिद्धार्थ उर्फ चिंटू कारके (26 वर्ष)
  5. संजू उर्फ शुभम यादव (26 वर्ष)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *