रायपुर। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के अश्वनी नगर में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया है। इनमें से तीन को बिलासपुर में ट्रेन से भागने के प्रयास के दौरान RPF के सहयोग से पकड़ा गया, जबकि एक आरोपी को स्थानीय स्तर पर हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 30 अगस्त की रात करीब 11 बजे अश्वनी नगर में एक युवक के गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए AIIMS रायपुर ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए जांच तेज की।जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल आरोपी ट्रेन के जरिए रायपुर से बाहर भागने का प्रयास कर रहे हैं।
इस पर रायपुर पुलिस ने RPF के साथ समन्वय स्थापित किया। पुलिस की तत्परता से तीन आरोपियों को बिलासपुर में पकड़ लिया गया, जबकि एक अन्य आरोपी को स्थानीय स्तर पर हिरासत में लिया गया।प्रारंभिक पूछताछ में हत्या की वजह आपसी रंजिश सामने आई है। पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए सभी आरोपी नाबालिग हैं और उनसे घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपियों में से एक नाबालिग कुछ दिन पहले ही लूट के एक अन्य मामले में बाल संप्रेक्षण गृह से बाहर आया था और बाहर आने के बाद इस हत्या की घटना में भी शामिल हो गया।फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना में जुटी है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की ओर से मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है। मामले की विस्तृत जानकारी पृथक से जारी किए जाने की बात कही गई है।