बिलासपुर। जिले में नवरात्रि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा की जा रही सरप्राइज चेकिंग में दो युवक चाकू के साथ पकड़े गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो स्टील के चाकू और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को नवरात्रि पर्व के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों तथा अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में बिल्हा पुलिस की टीम ग्राम भैसबोड़ फाटक के पास सरप्राइज चेकिंग कर रही थी।
इस दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार युवकों की तलाशी ली गई। पुलिस के मुताबिक, पहली मोटरसाइकिल पर सवार अनिषेक केवट (23 वर्ष), निवासी चुराघाट, थाना बिल्हा और दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार भानुप्रताप निषाद (24 वर्ष), निवासी गोढ़ी, थाना बिल्हा के पास से एक-एक स्टील का चाकू मिला।
पुलिस ने दोनों युवकों के कब्जे से चाकू और दो मोटरसाइकिल जब्त कर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध क्रमांक 560/2026 और 561/2026 दर्ज किया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, पिछले दो दिनों के भीतर इस तरह की कार्रवाई में चार व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध हथियार रखने और अन्य संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।