रायपुर। राजधानी के आमानाका थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल को नुकसान पहुंचाने की बात पूछने पर युवती के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने गायत्री पटनायक नामक महिला के साथ उसके पिता और जीजा पर भी मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में पीड़िता ने पुलिस से कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता कुमारी शिवानी ठाकुर, निवासी सेक्टर-1, डीडीयू नगर रायपुर के अनुसार, वह 19 अक्टूबर को रोज की तरह इस्कॉन मंदिर गई थी। उसने अपनी मोटरसाइकिल खड़ी की और सेवा करने चली गई। इसी दौरान गायत्री पटनायक नामक महिला ने कथित तौर पर उसकी मोटरसाइकिल को नुकसान पहुंचाया।
शिवानी का आरोप है कि इससे पहले भी उक्त महिला एक महीने के भीतर चार-पांच बार उसकी मोटरसाइकिल को नुकसान पहुंचा चुकी है। इसी बात को लेकर जब वह महिला से पूछने गई, तो उसके साथ अश्लील गाली-गलौज की गई और गाल पर मारपीट की गई।
पीड़िता के मुताबिक, वह अपना बचाव कर रही थी, तभी गायत्री के पिता और जीजा भी वहां पहुंचे और हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगे। घटना के दौरान उसकी मां पिंकी ठाकुर और छोटी बहन साक्षी ठाकुर ने बीच-बचाव किया और वे घटना की प्रत्यक्षदर्शी हैं।
शिवानी ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। उसने अपने साथ हुई घटना को लेकर पुलिस से उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है।