चचेरे भाई ने किशोरी की हत्या की थी, सूटकेस अंदर मिली थी लाश - छत्तीसगढ़ बातचीत

चचेरे भाई ने किशोरी की हत्या की थी, सूटकेस अंदर मिली थी लाश

दिल्ली। बुराड़ी इलाके में एक युवक ने कथित तौर पर प्रेम संबंध से परेशान होकर नाबालिग चचेरी बहन की गला घोंटकर हत्या कर दी। फिर उसके शव को एख ब्रीफकेस में बंद कर फेंक दिया। पुलिस ने सोमवार शाम को शव को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 26 वर्षीय अविनाश के तौर पर हुई है।

जानकारी के अनुसार, अविनाश भलस्वा डेरी के मुकुंदपुर इलाके में रहता है। वह मूलरूप से बिहार के बक्सर जिले का रहने वाला है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अविनाश की 17 वर्षीय चचेरी बहन रंजना (परिवर्तित नाम) गांव में रहती थी। वह दो बार एक युवक के साथ घर से चली गई थी, लेकिन परिवार वाले किसी तरह ढूंढ़कर वापस लाए। रंजना की हरकतों से पूरा घर परेशान था। इसलिए अविनाश 4 दिन पहले चचेरी बहन को साथ अपने साथ लेकर मुकुंदपुर आया।

पुलिस ने बताया कि रंजना दिल्ली में भी अपने प्रेमी के सम्पर्क में थी। वह फोन पर उससे बात भी कर रही थी। इस बीच अविनाश को मालूम हुआ कि रंजना अपने प्रेमी को दिल्ली बुला रही है। इसी बात से वह नाराज हो गया और हत्या की योजना तैयार कर डाली। बताया जाता है कि वह रविवार रात को मुकुंदपुर से सटी पिंकी चौधरी कॉलोनी में अपने दोस्त की दुकान पर रंजना को लेकर गया। फिर देर रात में उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को ब्रीफकेस में भर दिया। उसने सोमवार तड़के 4 बजे ब्रीफकेस को इलाके में फेंक दिया और अपने घर चला आया।

आउटर नॉर्थ स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर विश्वेंद्र कुमार द्वारा इस मामले की जांच के दौरान एक मुखबिर ने अविनाश द्वारा हत्या करने की आशंका जताई। इस पर स्पेशल स्टाफ ने अविनाश से पूछताछ की। उसने बहन की हत्या की बात स्वीकार कर ली और उसकी निशानदेही पर सोमवार रात को बुराड़ी इलाके से ब्रीफकेस में पड़े शव को भी बरामद कर लिया गया।

युवती का शव बरामद होने के बाद आउटर नॉर्थ पुलिस ने इसकी सूचना बुराड़ी पुलिस को दी। इसके बाद बुराड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम से सबूत आदि जमा कराए। चूंकि दोनों जिले अलग-अलग हैं, इसलिए बुराड़ी को जांच सौंप दी गई और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *