चूरू। राजस्थान के चूरू जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों और कार चालक की जान चली गई। वहीं, सात महीने की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह हादसा चूरू जिले के सादुलपुर क्षेत्र के ददरेवा में हुआ। जानकारी के अनुसार, कार में सवार परिवार तारानगर के सोमसीसर गांव का रहने वाला था। परिवार गोगामेड़ी में देवी के दर्शन करने जा रहा था। इसी दौरान कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार छह लोगों की मौत हो गई।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। घायल बच्ची को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में कार की तेज रफ्तार की बात सामने आई है, लेकिन हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
हादसे की खबर सोमसीसर गांव पहुंचते ही मृतकों के परिवारों में शोक छा गया। दर्शन के लिए निकले परिवार का सफर दर्दनाक हादसे में खत्म हो गया।