तेलीबांधा टाटीबंध हीरापुर और सिलतरा में नो पार्किंग पर खड़े वाहनों पर कार्रवाई, क्रेन से हटाए और काटे गए ई-चालान

रायपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रायपुर यातायात पुलिस नो पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में तेलीबांधा, टाटीबंध, हीरापुर और सिलतरा क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, तेलीबांधा में करेंसी टावर और एरीना होटल के सामने सर्विस रोड पर नो पार्किंग में खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों को क्रेन की मदद से हटाया गया। वहीं, टाटीबंध, हीरापुर रिंग रोड नंबर-2 और सिलतरा बाईपास रिंग रोड नंबर-4 पर भी कार्रवाई की गई।

कार्रवाई से पहले वाहन चालकों को अनाउंसमेंट के जरिए वाहन हटाने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। इसके बाद भी नो पार्किंग में खड़े मिले वाहनों के खिलाफ ई-चालान और अन्य वैधानिक कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस ने बताया कि सर्विस रोड पर गलत तरीके से वाहन खड़े करने से सड़क पर जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। नो पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *