रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से उनके रायपुर स्थित निवास पर आत्मीय भेंट की। इस दौरान प्रदेश के विकास और औद्योगिक प्रगति से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि बैठक में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 के साथ-साथ गेल (इंडिया) लिमिटेड के प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट परियोजना सहित कई विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
राजनांदगांव में प्रस्तावित गेल के गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट को प्रदेश के औद्योगिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होने के साथ औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे बड़े निवेश और परियोजनाएं छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देने के साथ प्रदेश के विकास को भी नई गति प्रदान करेंगी।