रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से अखिल भारतीय रामनामी महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान रामनामी समाज की गौरवशाली परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक पहचान को लेकर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने इस समाज की विशिष्ट परंपराओं को छत्तीसगढ़ की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर बताया।
सीएम साय ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि रामनामी समाज छत्तीसगढ़ की आध्यात्मिक चेतना, समृद्ध लोक परंपरा और सामाजिक समरसता की अनूठी पहचान है। पीढ़ियों से रामनाम को अपने जीवन में आत्मसात करने वाले इस समाज ने भक्ति के साथ समानता, सद्भाव और मानवता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनामी समाज की विशिष्ट परंपरा प्रदेश की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है। इस विरासत के संरक्षण, संवर्धन और इसे भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए सरकार सदैव प्रतिबद्ध है।
