बिलासपुर। शहर की सड़कों पर मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने वाले बाइकर्स के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त अभियान चलाया। पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगी 8 बुलेट समेत कुल 20 वाहनों पर कार्रवाई की है। इन वाहनों के प्रकरण तैयार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किए जा रहे हैं।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शहर के व्यस्ततम मार्गों और प्रमुख चौक-चौराहों पर मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइक और बुलेट पर विशेष निगरानी रखी गई।
अचानक पटाखे जैसी आवाज से लोगों को होती है परेशानी
यातायात पुलिस के मुताबिक, मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली अत्यधिक तेज आवाज न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ाती है, बल्कि अचानक पटाखे जैसी आवाज निकलने से सड़क पर चलने वाले लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल भी बनता है। बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बीमार लोगों के लिए ऐसी तेज आवाज परेशानी का कारण बन सकती है। पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों पर विशेष नजर रखने के लिए शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर निगरानी बढ़ा दी है।
इन स्थानों पर हुई कार्रवाई
अभियान के दौरान सत्यम चौक, अग्रसेन चौक, पुराना बस स्टैंड, सीएमडी चौक, श्रीकांत वर्मा मार्ग, महिमा तिराहा और मैग्नेटो मॉल रोड सहित अन्य स्थानों पर यातायात पुलिस ने वाहनों की जांच की।
जांच के दौरान 8 मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट के अलावा प्रेशर हॉर्न, नंबर प्लेट पर टेप लगाने, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने और स्टाइलिश नंबर प्लेट लगाने जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की गई। कुल 20 वाहनों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
मॉडिफाइड साइलेंसर बेचने वालों पर भी कार्रवाई की चेतावनी
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों के विपरीत मॉडिफाइड साइलेंसर बेचने वाले दुकानदारों और एजेंसियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा पूर्व में ऐसे दुकानों पर कार्रवाई और नोटिस की प्रक्रिया की जा चुकी है। नियमों के विपरीत सामान बेचने की सूचना मिलने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
लगातार जारी रहेगा अभियान
यह अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में उप पुलिस अधीक्षक शिवचरण परिहार, टैंगो टीम और शहर पेट्रोलिंग टीम द्वारा नियमित रूप से जारी रहेगा।