महराजगंज। महराजगंज में परिवार न्यायालय में तारीख पर पहुंची एक महिला से मारपीट और गला दबाने के आरोप का मामला सामने आया है। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के समरधीरा चौराहा निवासी प्रिया का अपने पति मनीष मिश्र के साथ परिवार न्यायालय में भरण-पोषण का मामला चल रहा है। महिला ने कोतवाली पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी बहन प्रियंका और पिता लक्ष्मीकान्त के साथ कोर्ट रूम से निकलकर भूतल स्थित हॉल में पहुंची थी।
महिला का आरोप है कि इसी दौरान उसके पति मनीष मिश्र, प्रिंस मिश्रा और सतीश मिश्र ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। शिकायत के मुताबिक, इस दौरान आरोपितों ने उसका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की।
महिला के अनुसार, बेटी को बचाने पहुंचे उसके पिता और बहन के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वे नीचे गिर गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।
पीड़िता ने घटना से संबंधित वीडियो क्लिप भी पुलिस को उपलब्ध कराई है। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर और उपलब्ध वीडियो के आधार पर मारपीट तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।