रायगढ़। शहर में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को दौड़ाकर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 5 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी की गिरफ्तारी से कोतवाली थाने में दर्ज बाइक चोरी के पांच मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में बाइक चोरी की घटनाओं की जांच के लिए अलग-अलग स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे थे। फुटेज में पांच अलग-अलग जगहों पर हुई चोरी की घटनाओं में एक ही संदिग्ध युवक नजर आया।

गौशाला के पास दिखा संदिग्ध, पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ा
24 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक गौशाला के पास बाइक चोरी की कोशिश करते देखा गया है। सूचना पर कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों को संदिग्ध की तस्वीर दिखाई, जिसे लोगों ने बाइक से छेड़छाड़ कर भागने वाले युवक के रूप में पहचान लिया। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। वायरलेस सेट के पास पुलिस कॉलोनी क्षेत्र में संदिग्ध दिखाई दिया, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया और दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान निर्मल धाकड़ पिता उदल सिंह धाकड़, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्वालियर, मध्यप्रदेश के रूप में हुई।

पैसे खत्म हुए तो शुरू कर दी बाइक चोरी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 12 सितंबर को ग्वालियर से रायगढ़ अपनी महिला मित्र से मिलने आया था। रायगढ़ पहुंचने के बाद उसके पास पैसे खत्म हो गए। इसके बाद खर्च चलाने के लिए उसने बाइक चोरी करना शुरू कर दिया। आरोपी ऐसे दोपहिया वाहनों को निशाना बनाता था, जिनमें चाबी लगी होती थी। चोरी के बाद वह इन वाहनों से घूमता था और पेट्रोल खत्म होने पर वाहन को वहीं छोड़कर फरार हो जाता था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक एक्टिवा सहित 5 दोपहिया वाहन बरामद किए, जिनकी कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये है।
इन पांच चोरी के मामलों का हुआ खुलासा
आरोपी की गिरफ्तारी से कोतवाली थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 527/2026, 532/2026, 535/2026, 538/2026 और 540/2026 का खुलासा हुआ है।बरामद वाहनों में नीलांचल भवन बीडपारा से चोरी एक्टिवा, मधुबनपारा से चोरी होंडा मोटरसाइकिल, लक्ष्मीपुर शिशु मंदिर के सामने से चोरी होंडा एचपी साइन, ज्ञान मंदिर लाल टंकी चौक के पास से चोरी होंडा साइन और जिला अस्पताल रायगढ़ से चोरी पल्सर शामिल हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।