रायगढ़। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने लगातार दूसरे दिन कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बिक्री के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 34 पाव देशी प्लेन शराब, जिसकी कीमत करीब 2,720 रुपये बताई गई है, जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक, थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील आदित्य के नेतृत्व में क्षेत्र में अवैध शराब की खरीदी-बिक्री पर निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम चिराईपानी निवासी राधेश्याम चन्द्रा किरोड़ीमलनगर स्थित शराब भट्ठी खुलने से पहले आसपास शराब छिपाकर अधिक कीमत पर बेचता है।
सूचना के आधार पर प्रधान आरक्षक बीरेन्द्र भगत के नेतृत्व में पेट्रोलिंग टीम को कार्रवाई के लिए रवाना किया गया। पुलिस टीम ने भूपदेवपुर-रायगढ़ रोड पर ग्राम चिराईपानी मोड़ के पास एक व्यक्ति को कंधे पर प्लास्टिक बोरा लेकर जाते हुए रोककर पूछताछ की।
पूछताछ में उसने अपना नाम राधेश्याम चन्द्रा (54 वर्ष) बताया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद प्लास्टिक बोरे से 34 नग सीलबंद देशी प्लेन शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी शराब को अवैध रूप से बिक्री के लिए लेकर जा रहा था।
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में शराब जब्त कर बरामदगी पंचनामा तैयार किया। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक बीरेन्द्र भगत, आरक्षक राजेश खाण्डे और आरक्षक कमलेश सागर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।