जशपुर। जिले में जुआ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पत्थलगांव पुलिस ने ग्राम मुड़ापारा में जुआ खेलते हुए 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 63 हजार 470 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश की गड्डी जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 अक्टूबर की रात करीब 12 बजे पत्थलगांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मुड़ापारा में एक ढाबे के पीछे कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान जुआ खेलते हुए 9 लोगों को पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से 63,470 रुपये नकद और ताश की 52 पत्तियों वाली गड्डी जब्त की।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुड़ापारा निवासी मुकेश यादव (45 वर्ष) और मोहम्मद फुल हसन (24 वर्ष), पाकरगांव निवासी शरद बेहरा (38 वर्ष), धनुमणि यादव (39 वर्ष), दीपक बेहरा (34 वर्ष), हरि जायसवाल (36 वर्ष) और मनोज अंबस्त (45 वर्ष), करंगाबहाल निवासी मधुसूदन यादव (38 वर्ष) तथा कछार निवासी घनश्याम यादव (32 वर्ष) के रूप में हुई है।पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना पत्थलगांव में धारा 3(2) जुआ एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की है।
मामले की कार्रवाई एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश जायसवाल के पर्यवेक्षण में की गई। इसमें थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र ताम्रकार, उप निरीक्षक विदवा राम यादव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक जय प्रकाश कोराम, प्रधान आरक्षक त्रिनाथ यादव एवं अशोक नाग तथा आरक्षक आलोक मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जिले में जुआ के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पत्थलगांव क्षेत्र में जुआ खेलते हुए 9 लोगों को पकड़ा गया है और उनके कब्जे से 63 हजार 470 रुपये नकद सहित ताश की गड्डी जब्त की गई है। उन्होंने कहा कि जुआ के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।