Headlines

धमतरी पुलिस ने कोतवाली, कुरूद और अर्जुनी में ताबड़तोड़ कार्रवाई की, 3 आरोपी गिरफ्तार, 80 पौवा शराब जब्त

धमतरी। जिले में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ धमतरी पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने कोतवाली, कुरूद और अर्जुनी थाना क्षेत्रों में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन मामलों में कुल 80 पौवा देशी शराब, नकदी और परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल समेत 23,170 रुपये का सामान जब्त किया गया है।

यह कार्रवाई एसपी भावना पांडेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई।

सिटी कोतवाली पुलिस को अवैध शराब परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने नहरपार नहर नाका के पास घेराबंदी कर गौरव नेताम उर्फ चाड़ी (19 वर्ष), निवासी आमापारा कोलियारी को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से 32 पौवा देशी शराब, जिसकी कीमत 2,840 रुपये है, बरामद की गई। शराब परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल CG-05-AF-7765 भी जब्त की गई, जिसकी कीमत 15 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले में कुल 17,840 रुपये की जब्ती हुई।

आरोपी के खिलाफ सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 238/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इसी तरह कुरूद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम उमरदा ओवरब्रिज से चर्रा शराब भट्ठी के बीच रामसागर तालाब के पास कार्रवाई की। यहां पुलिस ने कथित रूप से अवैध शराब बिक्री करते हुए रेश कुमार सोनकर (34 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 14 बरपारा नगरी को पकड़ा। उसके कब्जे से 32 पौवा देशी शराब, जिसकी कीमत 3,520 रुपये और 200 रुपये बिक्री रकम बरामद की गई। कुल जब्ती 3,720 रुपये की बताई गई है। आरोपी के खिलाफ कुरूद थाने में अपराध क्रमांक 328/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

अर्जुनी पुलिस ने सांकरा मुख्य नहर के पास मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए उमेश चेलवानी (34 वर्ष), निवासी पीपरछेड़ी गागरा को कथित रूप से अवैध शराब बिक्री करते पकड़ा। पुलिस ने उसके कब्जे से 16 पौवा देशी प्लेन शराब, जिसकी कीमत 1,280 रुपये तथा 330 रुपये बिक्री रकम बरामद की। इस मामले में कुल 1,610 रुपये की जब्ती हुई। आरोपी के खिलाफ अर्जुनी थाने में अपराध क्रमांक 140/26 के तहत धारा 34(1)(ब) आबकारी एक्ट में वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस ने बताया कि तीनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक प्रक्रिया में भेजा गया है। पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार और नशे से जुड़ी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *